HighLights:
चेन्नई की फोटोग्राफर राम्या श्रीराम बनीं Nat Geo India Contest 2025 की विनर
केरल के पारंपरिक थेय्यम अनुष्ठान की तस्वीर को मिली इंटरनेशनल पहचान
विजेता फोटो National Geographic के 2026 कैलेंडर में भी शामिल
खबर:
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चेन्नई की टैलेंटेड फोटोग्राफर राम्या श्रीराम ने अपनी शानदार फोटोग्राफी से देश का नाम रोशन कर दिया है। उन्होंने Nat Geo India Worldwide Contest 2025 जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ये जीत उन्हें केरल के पारंपरिक थेय्यम अनुष्ठान की एक दमदार तस्वीर के लिए मिली है।
इतना ही नहीं, उनकी ये फोटो National Geographic के 2026 कैलेंडर में भी शामिल की गई है, जो किसी भी फोटोग्राफर के लिए बहुत बड़ा सम्मान माना जाता है।
राम्या पिछले कई सालों से भारत की परंपराओं और लोक संस्कृति को कैमरे में कैद कर रही हैं। उनके मुताबिक ये अवॉर्ड उनके लिए किसी ऑस्कर से कम नहीं है।
उन्होंने करीब 4 साल तक थेय्यम अनुष्ठान को डॉक्यूमेंट करने में लगाए। ये काम सिर्फ फोटोग्राफी नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति को दुनिया तक पहुंचाने का एक मिशन था।
विनर बनी ये तस्वीर उत्तर केरल के कन्नूर-कासरगोड इलाके में हुए थेय्यम प्रदर्शन के दौरान ली गई थी। थेय्यम एक बहुत ही रंगीन और ऊर्जावान धार्मिक अनुष्ठान है, जिसमें कलाकार पारंपरिक वेशभूषा पहनकर नृत्य करते हैं।
लेकिन इस तस्वीर को लेना आसान नहीं था। शूटिंग के दौरान छोटे से मंदिर में सैकड़ों लोगों की भीड़ थी और अचानक अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें तेज हो गईं और धक्का-मुक्की में राम्या का हाथ और कपड़े तक जल गए।
इस पूरे माहौल में राम्या सिर्फ 5 फोटो ही क्लिक कर पाईं। करीब 8 घंटे इंतजार करने के बाद वो घर लौटीं, लेकिन मन में अनिश्चितता थी कि फोटो सही आएगी या नहीं।
बाद में जब उन्होंने तस्वीरें देखीं तो 5 में से 3 धुंधली निकलीं, लेकिन 2 फोटो बिल्कुल सही थीं। इन्हीं में से एक तस्वीर ने उन्हें इंटरनेशनल पहचान दिला दी और वही फोटो Nat Geo Contest की विजेता बन गई।
ये जीत सिर्फ एक फोटो की नहीं, बल्कि सालों की मेहनत, धैर्य और भारतीय संस्कृति के प्रति उनके प्यार की जीत है।
आप इनका इंस्टाग्राम चेक कर सकते अगर आपको तस्वीरें देखनी हो - ramyasgraphy
No comments yet. Be the first to comment!