HighLights
राजपाल यादव की जमानत पर आज होगी सुनवाई
सलमान, अजय, सोनू सूद समेत कई सितारे मदद को आगे
FWICE ने फिल्म इंडस्ट्री से की सहायता की अपील
नई दिल्ली।
9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस और लोन डिफॉल्ट मामले में तिहाड़ जेल में बंद अभिनेता और मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव की जमानत याचिका पर आज सुनवाई होनी है। अब सबकी नजर अदालत के फैसले पर टिकी है कि उन्हें बेल मिलेगी या जेल में ही रहना होगा।
राजपाल यादव की मदद के लिए बॉलीवुड के कई बड़े नाम आगे आए हैं। सलमान खान, अजय देवगन, डेविड धवन, वरुण धवन समेत कई हस्तियों ने आर्थिक सहयोग की पेशकश की है। इससे पहले सोनू सूद, जैम म्यूजिक के प्रोड्यूसर इंद्रजीत सिंह और तेज प्रताप यादव भी मदद के लिए सामने आए थे।
राजपाल यादव के 25 वर्षों से मैनेजर रहे गोल्डी जैन ने बताया कि इंडस्ट्री से जुड़े कई अभिनेता, निर्देशक और निर्माता उनका साथ दे रहे हैं। उन्होंने कहा,
“सोनू सूद, सलमान खान और अजय देवगन जैसे कलाकार राजपाल भाई की वित्तीय मदद के लिए तैयार हैं। वे सभी उनके शुभचिंतक हैं। जमानत पर गुरुवार को सुनवाई है, अगर सब ठीक रहा तो हम प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।”
गायक मीका सिंह ने भी 11 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की। उन्होंने कहा,
“राजपाल जी, मैं आपके साथ खड़ा हूं। आपने सबको हंसाया है, अब हमारी बारी है। हम एक परिवार हैं।”
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लाइज (FWICE) ने फिल्म और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े निर्माताओं, निर्देशकों, कलाकारों और तकनीशियनों से अपील की है कि वे राजपाल यादव की देनदारियां चुकाने और उनकी रिहाई में सहयोग करें। संगठन ने कहा है कि इच्छुक लोग सीधे राजपाल यादव या FWICE के माध्यम से सहायता कर सकते हैं।
दिल्ली हाई कोर्ट ने 4 फरवरी को अभिनेता की धन व्यवस्था के लिए और समय देने की अंतिम याचिका खारिज कर दी थी और बिना देरी तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था। इसके बाद 5 फरवरी को राजपाल यादव ने तिहाड़ में सरेंडर कर दिया।
साल 2010 में राजपाल यादव ने फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे। फिल्म फ्लॉप हो गई और वह कर्ज नहीं चुका सके। उन्होंने जो सात चेक दिए थे, वे बाउंस हो गए।
इसके बाद कंपनी ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की। 2018 में उन्हें छह महीने की सजा भी सुनाई गई थी। हालांकि वे जमानत पर बाहर आ गए, लेकिन मामला चलता रहा। ब्याज के साथ कर्ज की राशि बढ़कर करीब 9 करोड़ रुपये हो गई।
हाल ही में हाई कोर्ट ने उन्हें और राहत देने से इनकार कर दिया था। अब आज की सुनवाई में तय होगा कि राजपाल यादव को जमानत मिलती है या नहीं।
No comments yet. Be the first to comment!